spot_img
spot_img
Homeप्रदेशअक्स गरबा महोत्सव में भक्ति संगीत की धूम, दो स्कूटी जीतने का...

अक्स गरबा महोत्सव में भक्ति संगीत की धूम, दो स्कूटी जीतने का मिलेगा मौका                                  16 से 19 दिसंबर तक सजेगी गरबा की महफिल, सुर संग्राम विजेता अर्चना गोस्वामी समेत नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति; 650 प्रतिभागियों ने कराया पंजीयन

स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :-

गरबा की रंगीन शाम, भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियां और आकर्षक पुरस्कारों का रोमांच… जशपुर का बहुप्रतीक्षित अक्स गरबा महोत्सव इस बार कई खास आकर्षणों के साथ सजने जा रहा है। श्रीहरि कीर्तन भवन में 16 से 19 दिसंबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय गरबा महोत्सव में देश के प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बनाएंगे। वहीं, गरबा प्रतिभागियों के लिए दो स्कूटी सहित आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। आयोजन को लेकर शहरवासियों में उत्साह बढ़ने लगा है और श्रीहरि कीर्तन भवन परिसर में गरबा का पूर्वाभ्यास पूरे जोर-शोर से जारी है।

नामचीन कलाकारों के सुरों से सजेगी भक्ति की महफिल

अक्स गरबा महोत्सव में इस बार भी भक्ति संगीत प्रमुख आकर्षण रहेगा। आयोजन समिति के संयोजक तरुण प्रकाश शर्मा और सुनील सिन्हा ने बताया कि टीवी के चर्चित संगीत कार्यक्रम ‘सुर संग्राम’ की विजेता अर्चना गोस्वामी के साथ शुभम भास्कर और मुंबई, महाराष्ट्र की तत्शा गुप्ता अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से महोत्सव में भक्ति संगीत की छटा बिखेरेंगे। प्रसिद्ध कलाकारों के आगमन की घोषणा के बाद से ही आयोजन को लेकर लोगों में उत्सुकता देखी जा रही है।

650 प्रतिभागी मैदान में, पूर्वाभ्यास जारी

चार दिवसीय आयोजन के लिए श्रीहरि कीर्तन भवन परिसर में प्रतिदिन शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक संगीतमय पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संभाल रहीं गायत्री और मिष्ठी गुप्ता ने बताया कि अब तक 650 प्रतिभागियों का पंजीयन हो चुका है, जबकि पंजीयन की प्रक्रिया अभी जारी है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को गरबा के विभिन्न स्टेप्स, संगीत की धुन पर तालमेल और सामूहिक नृत्य की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। प्रतिभागी भी पूरे उत्साह के साथ अभ्यास में जुटे हुए हैं।

बेहतरीन गरबा करने वालों को मिलेंगी दो स्कूटी

इस बार महोत्सव में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के अनुसार, सर्वश्रेष्ठ गरबा नृत्य करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप दो स्कूटी प्रदान की जाएंगी। इसके चलते प्रतिभागियों में बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर खास उत्साह है। गरबा के अभ्यास के साथ-साथ प्रतिभागी अपनी नृत्य शैली और प्रस्तुति को निखारने में जुटे हैं।

आयोजन की तैयारियों में जुटी समिति

आयोजन समिति के सदस्य किशोरी लाल बरेठा ने बताया कि महोत्सव को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों और प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रकाश, ध्वनि, पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जा रही है। समिति का प्रयास है कि चारों दिन आयोजन उत्साहपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। भक्ति संगीत, गरबा नृत्य और आकर्षक पुरस्कारों के संग अक्स गरबा महोत्सव शहरवासियों के लिए उत्सव का खास केंद्र बनने जा रहा है।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
light rain
22.5 ° C
22.5 °
22.5 °
80 %
0.5kmh
97 %
Tue
22 °
Wed
22 °
Thu
22 °
Fri
21 °
Sat
27 °

Most Popular