spot_img
spot_img
Homeक्राइममां ने 1.80 लाख रुपये में बेच दिया अपना बच्चा, कुनकुरी पुलिस...

मां ने 1.80 लाख रुपये में बेच दिया अपना बच्चा, कुनकुरी पुलिस ने पश्चिम बंगाल से किया सकुशल बरामद                               मामले में मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, बच्चे की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला आया सामने

स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :-

रुपए के लालच में अपने ही बच्चे को बेचने का सनसनीखेज मामला जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में सामने आया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां यशोदा यादव ने कथित तौर पर बिचौलिये के माध्यम से अपने लगभग तीन माह के बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन को 1 लाख 80 हजार रुपये में बेच दिया था। मामले की जांच के बाद कुनकुरी पुलिस ने पश्चिम बंगाल पहुंचकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चे की खरीद-फरोख्त के मामले में मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को ब्लॉक कॉलोनी कुनकुरी निवासी लक्ष्मी बाई ने थाना कुनकुरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पुत्र शंकर चौहान को पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और वह यशोदा यादव के साथ रहता था। यशोदा यादव ने 18 दिसंबर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसे कथित तौर पर मार्च 2026 में बेच दिया गया।
शिकायत के आधार पर कुनकुरी थाने में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 81 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(4) और 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में खुला बच्चे की खरीद-फरोख्त का मामला

विवेचना के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन तक पहुंचाने से संबंधित जानकारी दी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर पश्चिम बंगाल भेजी गई।
पश्चिम बंगाल में शेख अलविन से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर पता चला कि उसने मार्च 2026 में यशोदा यादव से बच्चा 1 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा था और उसे अपनी बेटी को दे दिया था। पुलिस ने इसके बाद कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर बरामदगी पंचनामा तैयार किया तथा उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया। बरामद बच्चे की वर्तमान उम्र लगभग 9 से 10 माह बताई गई है।

मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में बच्चे की मां यशोदा यादव के अलावा सुकरू आलम उर्फ बंगाली, शेख अलविन, निर्मला तिर्की और फूलकुंवारी यादव को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अलीका पैंकरा, ढलेश्वर यादव तथा आरक्षक आलोक तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
light rain
22.5 ° C
22.5 °
22.5 °
80 %
0.5kmh
97 %
Tue
22 °
Wed
22 °
Thu
22 °
Fri
21 °
Sat
27 °

Most Popular